NEWS PR डेस्क : पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से जहां विजयादशमी के पावन अवसर पर बगहा नगर के चंडी स्थान में बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
रावण दहन से पहले प्रशासन की देखरेख में स्थानीय लोगों द्वारा भव्य जुलूस निकाला गया। गाजे-बाजे के साथ निकली इस शोभायात्रा में हाथी और ऊंट आकर्षण का केंद्र रहे। जुलूस चंडी स्थान से निकलकर नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः चंडी स्थान पहुंचा। इसके बाद विधि-विधान और उत्साह के बीच रावण के पुतले का दहन किया गया।
इस अवसर पर पूर्व एमएलसी भीष्म सहनी, एसडीएम चांदनी कुमारी, एसडीपीओ निहार भूषण और नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। विजयादशमी के इस आयोजन ने नगर में उत्सव और उल्लास का माहौल बना दिया।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;-