पटना के पश्चिम दरवाजा पर चाकूबाजी, दुर्गा विसर्जन जुलूस में विवाद के बाद युवक की मौत

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :बिहार की राजधानी पटना में विजयादशमी के दिन दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुई चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई। वारदात खाजेकलां थाना क्षेत्र के अशोक राजपथ पर पश्चिम दरवाजा के पास हुई। मृतक की पहचान टिकिया टोली निवासी कुंदन कुमार के रूप में हुई है। वह नागेंद्र कुमार के पुत्र बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विसर्जन जुलूस के दौरान हुआ विवाद, युवक पर चाकू से हमला
जानकारी के अनुसार, विजयादशमी के दिन मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस भद्रघाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान पश्चिम दरवाजा के पास डीजे ट्रॉली के साथ आगे बढ़ रहे जुलूस में विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान कुंदन कुमार पर चाकू से हमला कर दिया गया।
हमले में गंभीर रूप से घायल कुंदन को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जुलूस में शामिल लोग डीजे ट्रॉली और दुर्गा प्रतिमा को सड़क पर छोड़कर वहां से चले गए।
प्रतिमा और डीजे ट्रॉली से अशोक राजपथ पर लगा जाम
सड़क पर दुर्गा प्रतिमा और डीजे ट्रॉली खड़ी रहने के कारण अशोक राजपथ पर लंबा जाम लग गया। विजयादशमी के अवसर पर प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भी मौजूद थी। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और करीब एक घंटे तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर डीएसपी शिव शंकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने खुद ट्रैक्टर चलाकर प्रतिमा को विसर्जन के लिए आगे बढ़ाया, जिसके बाद सड़क पर यातायात बहाल हो सका।
डीजे प्रतिबंध के बावजूद ट्रॉली दिखने पर सवाल
जिला प्रशासन की ओर से डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद विसर्जन जुलूस में डीजे ट्रॉली नजर आने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। घटना ने त्योहार के दौरान सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।
CCTV और FSL की मदद से हमलावर की तलाश
पटना सिटी की एसपी पूर्वी शैलजा ने बताया कि मामले में आयोजक पक्ष की भूमिका की जांच की जा रही है और संबंधित लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। पुलिस एफएसएल टीम की मदद और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर हमलावर की पहचान करने का प्रयास कर रही है।फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article