बगहा में रफ्तार का कहर: तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार 11वीं के छात्र को कुचला, मौत के बाद अस्पताल में हंगामा !

Muskan Gupta

बिहार के पश्चिम चंपारण के रामनगर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार कार की टक्कर से 11वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। छात्र साइकिल से पढ़ाई करने जा रहा था, तभी रामनगर-भैरोगंज मुख्य सड़क पर मोतीपुर के समीप कार ने उसे पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया। वहीं, हादसे के बाद कार चालक की तलाश की जा रही है।

कैसे हुआ दर्दनाक हादसा

यह पूरा मामला रामनगर-भैरोगंज मुख्य सड़क पर मोतीपुर के पास का है। यहां कुड़िया फुलवरिया निवासी शमीम आलम के करीब 18 वर्षीय पुत्र अनीसुल रहमान साइकिल से पढ़ाई करने जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने पीछे से साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे के बाद घायल छात्र को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), रामनगर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का दुख और गुस्सा अस्पताल परिसर में हंगामे के रूप में सामने आया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, चालक की तलाश जारी

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद घायल छात्र को उसी कार से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इसके बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही कार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। रामनगर प्रशासन की ओर से परिजनों को आवश्यक मदद और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।

सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन ली हैं। अब देखना होगा कि पुलिस फरार कार चालक को कब तक गिरफ्तार कर पाती है।

पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट।

Share This Article