NEWS PR डेस्क :भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। नवरात्र के दौरान एक कार्यक्रम में अक्षरा सिंह का जिक्र करते हुए उनसे माफी मांगने और रियलिटी शो में अपनी भावनाएं जाहिर करने के बाद अब उनकी पत्नी ज्योति सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में आ गई है। ज्योति ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में मर्यादा, संस्कार और स्वाभिमान को लेकर ऐसी बात लिखी है, जिसे सोशल मीडिया यूजर्स पवन सिंह से जोड़कर देख रहे हैं।

ज्योति सिंह की पोस्ट ने खींचा ध्यान
ज्योति सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “जिस भाषा में तुम किसी को तोड़ते हो, उसी भाषा में जवाब मिले तो बुरा मत मानना। मर्यादा, एकतरफा नियम नहीं, दोनों तरफ से निभाई जाती है। संस्कार का बोझ सिर्फ़ हमें मत सिखाओ, सामने वाले को भी मर्यादा में रहना सिखाओ।”
उनकी इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, ज्योति ने अपनी स्टोरी में किसी का नाम नहीं लिया है। इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि उनका इशारा किसकी ओर था।
मंच से अक्षरा सिंह के लिए क्या बोले थे पवन सिंह?
दरअसल, मुंगेर में एक कार्यक्रम के दौरान पवन सिंह ने अक्षरा सिंह का जिक्र करते हुए मंच से कहा था, “अक्षरा सिंह मेरा बाबू है, मेरा बच्चा है… उनके पिताजी हमारे भइया हैं, उनकी माताजी मेरी भाभी हैं। मैंने सॉरी बोला ना… अब एक बार चारों तरफ ताली बजाओ!”
उनके इस बयान के बाद भोजपुरी इंडस्ट्री और सोशल मीडिया पर इसकी काफी चर्चा हुई। इसके बाद पवन सिंह की निजी जिंदगी को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई।
ज्योति सिंह का वीडियो भी हुआ वायरल
इस बीच ज्योति सिंह का नवरात्र के दौरान सिंदूर खेला करते हुए एक वीडियो भी सामने आया। वीडियो में वह अपनी छोटी बहन जूही सिंह और दोस्तों के साथ हंसी-मजाक करती नजर आ रही हैं।
वीडियो में एक सहेली जूही सिंह के लिए कहती है कि मां जल्दी से उनकी मांग भी लाल कर दें। इस पर ज्योति कहती हैं कि अच्छा पति मिलने पर ही मांग लाल करना। इसके बाद उनकी दोस्त ऐसी टिप्पणी करती है, जिस पर ज्योति हंसने लगती हैं। बातचीत के दौरान ज्योति ने यह भी कहा कि जीवनसाथी ऐसा होना चाहिए, जो उनके स्वाभिमान को बनाए रखे।
निजी रिश्तों को लेकर फिर शुरू हुई चर्चा
पवन सिंह और ज्योति सिंह के रिश्तों में तनाव की खबरें पहले भी सामने आती रही हैं। ऐसे में ज्योति की सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो को यूजर्स उनके निजी जीवन से जोड़कर देख रहे हैं।
हालांकि, ज्योति सिंह ने न तो अपनी पोस्ट में पवन सिंह का नाम लिया है और न ही यह स्पष्ट किया है कि वीडियो में कही गई बातें किसी खास व्यक्ति के लिए थीं। ऐसे में इसे पवन सिंह पर सीधा तंज कहना फिलहाल अटकल ही होगा।फिलहाल, दोनों से जुड़ी चर्चाओं के बीच ज्योति सिंह की पोस्ट सोशल मीडिया पर ध्यान खींच रही है।