सर्पदंश से युवक की दर्दनाक मौत, तीन मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया; परिवार में मचा कोहराम !

Muskan Gupta

पश्चिम चंपारण जिले के बगहा से जहां सर्पदंश से युवक की मौत, तीन मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया; परिवार में मचा कोहराम
बगहा-2 प्रखंड की मंगलपुर औसानी पंचायत के औसानी गांव में सर्पदंश से 30 वर्षीय मुकेश महतो की मौत हो गई। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी की आंखों के आंसू थम नहीं रहे, वहीं तीन मासूम बेटियों के भविष्य की चिंता परिजनों को सताने लगी है।


जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को मतौरा सरेह में धान के खेत में काम करने के दौरान रसेल वाइपर सांप ने मुकेश के बाएं पैर में काट लिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए कई जगहों पर ले गए, लेकिन देर रात अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।


मुकेश अपने पीछे पांच वर्ष, तीन वर्ष और महज आठ माह की तीन बेटियां छोड़ गए हैं। जिन बच्चियों को अभी पिता के स्नेह और सहारे की जरूरत थी, उनके सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया। परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।


घटना की सूचना पर पंचायत प्रतिनिधियों ने घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। पटखौली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;-

Share This Article