मवेशी लदे पिकअप और बाइक में जोरदार टक्कर, पटना में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पटना के नौबतपुर में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। मझनपुरा मोड़ के पास मवेशी लदे एक तेज रफ्तार पिकअप की सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों के पैर कटकर अलग हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर किया गया है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रामपुर-दुल्हिनबाजार मुख्य सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
आबकारी विभाग की टीम कर रही थी पिकअप का पीछा
जानकारी के अनुसार, खीरी मोड़ टोला बीघा निवासी मुंचुन कुमार (22) अपनी पत्नी ज्ञानती देवी (21) के साथ बाइक से पटना से पालीगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अरवल की तरफ से मवेशियों से लदा एक पिकअप मझनपुरा पुल के पास पहुंचा।
बताया जा रहा है कि आबकारी विभाग की टीम स्कॉर्पियो से पिकअप का पीछा कर रही थी। इसी दौरान पिकअप चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए जुट गए।
गंभीर हालत में पटना एम्स रेफर
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पिपलावां और बिक्रम थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना एम्स रेफर कर दिया गया।
जांच के दौरान पिकअप में मवेशी लदे पाए गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया है। इसके अलावा, पिकअप का पीछा कर रही आबकारी विभाग की स्कॉर्पियो को भी कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस संबंधित कर्मियों और चालक से पूछताछ कर रही है, ताकि हादसे की परिस्थितियों और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।
सड़क जाम कर ग्रामीणों ने किया विरोध
भीषण हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने रामपुर-दुल्हिनबाजार मुख्य सड़क को जाम कर दिया और नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। सड़क जाम होने से इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया।

पुलिस कर रही मामले की जांच
पिपलावां थानाध्यक्ष अतुल कुमार ने फोन पर बताया कि हादसे में घायल पति-पत्नी को बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स भेजा गया है। पुलिस ने पिकअप वाहन जब्त कर लिया है और ग्रामीणों को समझाकर सड़क पर आवागमन बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों, पिकअप के पीछा किए जाने की परिस्थितियों और आबकारी विभाग की टीम की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।पटना से पशुपति नाथ शर्मा की रिपोर्ट

Share This Article