बिहार में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई, मधुबनी के डीएसपी रिश्वत मामले में गिरफ्तार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :बिहार के मधुबनी में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने यातायात डीएसपी सुजीत कुमार के खिलाफ रिश्वतखोरी के मामले में कार्रवाई की है। ब्यूरो के अनुसार, 27 अक्टूबर को ट्रैप कार्रवाई के दौरान 30 हजार रुपये की कथित रिश्वत राशि बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान डीएसपी की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत सामान्य होने के बाद 28 अक्टूबर को निगरानी टीम उन्हें विशेष न्यायालय में पेश करने के लिए अस्पताल से लेकर रवाना हुई।
रिश्वत मांगने की शिकायत पर हुई कार्रवाई
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के मुताबिक, मधुबनी के गंधवारी निवासी रोहित मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने टिपर ट्रक से पीला बालू लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रॉटी चौक पर यातायात डीएसपी सुजीत कुमार ने उनकी गाड़ी रोक ली। शिकायतकर्ता का आरोप है कि गाड़ी छोड़ने के एवज में एक लाख रुपये की मांग की गई थी। दबाव में उन्होंने 50 हजार रुपये देने की बात कही। इसके बाद 500 रुपये का चालान काटकर गाड़ी छोड़ दी गई।परिवादी ने यह भी आरोप लगाया कि उनसे दोबारा कम से कम 20 हजार रुपये और हर महीने 15 हजार रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा था।
ट्रैप के दौरान बिगड़ी तबीयत
ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें प्रथम दृष्टया रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 125/26 दर्ज किया गया। इसके बाद वरीय पुलिस उपाधीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में धावादल गठित किया गया।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, ट्रैप कार्रवाई के दौरान डीएसपी अचानक जमीन पर गिर पड़े। गिरने से पहले उन्होंने कथित तौर पर रिश्वत की रकम वाला बैग अंगरक्षक की तरफ फेंक दिया। बैग से 30 हजार रुपये बरामद किए गए।
अस्पताल से छुट्टी, आगे की कानूनी कार्रवाई
तबीयत बिगड़ने पर डीएसपी को सदर अस्पताल, मधुबनी ले जाया गया। चिकित्सकीय अनुमति के बाद उनका हाथ धुलवाकर नियमानुसार गिरफ्तारी की गई। 28 अक्टूबर की शाम चिकित्सकों ने उनकी स्थिति सामान्य बताई। इसके बाद निगरानी टीम उन्हें विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में पेश करने के लिए ले गई। मामले में आगे की जांच जारी है।

Share This Article