NEWS PR डेस्क : बिहार के पश्चिम चंपारण से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। मटियरिया थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय इम्तेयाज अंसारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनके सिर के पिछले हिस्से में गोली लगने जैसा निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। इम्तेयाज अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गए हैं।
कुशहवा चौक के पास मिला शव
जानकारी के अनुसार, मृतक इम्तेयाज अंसारी पश्चिम चंपारण के मटियरिया थाना क्षेत्र के हौदा डुमरा गांव के निवासी थे। उनकी मौत कुशहवा चौक के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। सिर के पिछले हिस्से में गोली लगने जैसा निशान मिलने से मामला गंभीर हो गया है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनकी हत्या की गई है या मौत के पीछे कोई दूसरी वजह है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
इम्तेयाज की संदिग्ध मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और तीन बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में परिवार की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं, जिससे इम्तेयाज की मौत के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;-