NEWS PR डेस्क : बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार दोपहर एक भीषण हादसे से पूरा इलाका दहल उठा। सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी इलाके में PNG गैस पाइपलाइन में कथित रिसाव के बाद जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है।
घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गैस पाइपलाइन के पास जेसीबी मशीन से नाला निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट के कारण आसपास के दर्जनों घरों और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है। एक चार मंजिला इमारत भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि करीब 100 मीटर के दायरे में कई मकानों की खिड़कियों के शीशे टूट गए।
जिला फायर अफसर प्रज्ञा शरण के मुताबिक, दोपहर 12 बजकर 24 मिनट पर घटना की सूचना मिली थी। पाइपलाइन के पास नाला निर्माण का काम चल रहा था, इसी दौरान ब्लास्ट हुआ। धमाके के बाद पास की एक इमारत में आग लग गई, जिसे दमकल की टीम ने बुझा दिया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो बड़ी और तीन छोटी गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जिला प्रशासन की टीम भी राहत और बचाव कार्य में जुट गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई है। फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जांच और पाइपलाइन में गैस रिसाव की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।