NEWS PR डेस्क: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में ब्यूरो की टीम ने बेगूसराय जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए साहेबपुर कमाल थाना में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (ASI) चंदन कुमार झा को 29 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को 2 नवंबर 2026 को साहेबपुर कमाल प्रखंड कार्यालय के गेट के सामने सड़क किनारे से गिरफ्तार किया गया।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अमित कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि साहेबपुर कमाल थाना कांड संख्या 279/26 में उनका नाम हटाने के बदले ASI चंदन कुमार झा रिश्वत की मांग कर रहे थे।यह मामला शराब लदी हुंडई i20 कार की बरामदगी से जुड़ा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, कार को पहले ही स्टाम्प पेपर पर बेच दिया गया था। इसके बावजूद मामले से नाम हटाने के एवज में रिश्वत मांगी जा रही थी।
सत्यापन के बाद निगरानी टीम ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद वरीय पुलिस उपाधीक्षक गौतम शरण ओमी के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया।निगरानी टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ASI चंदन कुमार झा को 29 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद उन्हें निगरानी के विशेष न्यायालय, भागलपुर में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
2026 में अब तक 116 ट्रैप कांड, 116 आरोपी गिरफ्तार
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ अब तक 127 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। एक अन्य मामले को जिले से स्थानांतरित किए जाने के बाद कुल 128 कांडों का अनुसंधान ब्यूरो कर रहा है।इनमें यह रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ने से जुड़ा 116वां ट्रैप कांड है। ब्यूरो के मुताबिक, अब तक 116 आरोपियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इन कार्रवाइयों में कुल 40 लाख 48 हजार 400 रुपये नकद और 37 हजार रुपये कीमत की एक नई वॉशिंग मशीन बरामद की गई है।
वहीं, वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किए गए थे। उस दौरान 37 लाख 80 हजार 300 रुपये नकद और 19,800 रुपये कीमत की एक नई वॉशिंग मशीन बरामद की गई थी।