बिहार की सियासत में अपनी अलग पहचान रखने वाले मोकामा विधायक अनंत सिंह इन दिनों अपनी बेटी शिवांगी की शादी को यादगार बनाने की तैयारियों में जुटे हैं। 25 नवंबर को होने वाली इस शादी को लेकर उनके पैतृक गांव लदमा में भव्य आयोजन की तैयारी की जा रही है। खास बात यह है कि इस शादी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव समेत पक्ष और विपक्ष के तमाम बड़े नेताओं को आमंत्रित करने की योजना है।
अनंत सिंह ने शादी का निमंत्रण कार्ड दिखाते हुए कहा कि वह खुद अपने दोस्तों और परिचितों के घर जाकर उन्हें न्योता देंगे। उन्होंने हाथ जोड़कर सभी लोगों से शादी में शामिल होने की अपील भी की। उनका कहना है कि शादी में किसी तरह का भेदभाव नहीं होगा और हर आने वाले मेहमान का स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को शादी का कार्ड दिया जा चुका है।
शादी समारोह को भव्य बनाने के लिए खाने-पीने से लेकर मनोरंजन तक विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। अनंत सिंह के मुताबिक, शादी में करीब 4 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था होगी और मेहमानों के लिए 150 से अधिक तरह के व्यंजन परोसे जाएंगे। इसके अलावा घुड़सवारी समेत कई खास आयोजन भी आकर्षण का केंद्र होंगे।इस समारोह में फिल्म और संगीत जगत की नामचीन हस्तियों को भी आमंत्रित करने की तैयारी है। इनमें सोनू सूद, मनोज तिवारी, मैथिली ठाकुर, अक्षरा सिंह और पवन सिंह समेत करीब तीन दर्जन कलाकारों के शामिल होने की चर्चा है।
वहीं, लदमा गांव में भव्य मंडप सजाया जा रहा है। शादी से पहले होने वाली पूजा-पाठ और पारिवारिक रस्मों को लेकर भी तैयारियां तेज हैं।दीपावली मनाने को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने दीपावली के बारे में सुना है, लेकिन वह इसे नहीं मनाते हैं। फिलहाल उनकी पूरी तैयारी बेटी शिवांगी की शादी को यादगार बनाने पर केंद्रित है।