NEWS PR डेस्क : बिहार में खाद्य पदार्थों में मिलावट और घटिया गुणवत्ता के खिलाफ खाद्य संरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। राज्यभर में खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार छापेमारी, सैंपल कलेक्शन और मिलावटी एवं खराब खाद्य सामग्री की जब्ती के साथ उन्हें नष्ट करने की कार्रवाई की जा रही है। इसको लेकर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने राज्य के सभी खाद्य व्यवसायियों से स्वच्छता और गुणवत्ता के मानकों का पालन करने की अपील की है।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट कहा कि बिहारवासियों को बाजार में स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए खाद्य संरक्षा विभाग की टीमें लगातार जमीनी स्तर पर काम कर रही हैं। नवंबर महीने में अब तक राज्य के सैकड़ों खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
पटना से जहानाबाद और मोतिहारी तक छापेमारी, लाखों की खाद्य सामग्री जब्त
खाद्य संरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान पटना सिटी में करीब 18 लाख रुपये मूल्य का घी जब्त किया गया। पटना के ही एक अन्य प्रतिष्ठान से 5 लाख रुपये का घी और 1.74 लाख रुपये का आटा जब्त किया गया। इसके अलावा पटना के एक कोल्ड स्टोरेज से 6.35 लाख रुपये मूल्य के खजूर तथा 13.29 लाख रुपये मूल्य की अन्य खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई।
पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई
पटना में तीन प्रतिष्ठानों से हजारों बोतल पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर जब्त कर नष्ट किया गया है। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं। वहीं जहानाबाद में चार प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 29 लाख रुपये से अधिक मूल्य के खाद्य पदार्थ नष्ट किए गए। इसके अतिरिक्त करीब 2.30 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई और जांच के लिए आठ नमूने एकत्र किए गए।
मोतिहारी में 27 क्विंटल मिल्क केक और डोडा मिठाई जब्त
मिलावट और खाद्य गुणवत्ता की जांच के दौरान मोतिहारी के तीन प्रतिष्ठानों पर भी विभाग ने कार्रवाई की। यहां करीब 27 क्विंटल मिल्क केक, डोडा मिठाई समेत विभिन्न खाद्य पदार्थ जब्त कर नष्ट किए गए।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा अभियान केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगा। इसे लगातार जारी रखने के लिए विभाग में आवश्यक मानव संसाधन और आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में चार नए खाद्य जांच केंद्र स्थापित करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि खाद्य पदार्थों की जांच व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
स्वास्थ्य मंत्री की खाद्य कारोबारियों से अपील- मिलावट से बचें, स्वस्थ बिहार बनाने में करें सहयोग
स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश के सभी खाद्य व्यवसायियों से अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ बिहार ही विकसित बिहार की बुनियाद है। खाद्य पदार्थों में मिलावट करना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि अनैतिक और असामाजिक कृत्य भी है। उन्होंने कहा कि किसी के स्वास्थ्य को दांव पर लगाकर थोड़ा लाभ कमाने का प्रयास बेहद अमानवीय और अधार्मिक है। सभी खाद्य व्यवसायियों को गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा के मानकों का पालन करना चाहिए तथा बिहार को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने में विभाग का सहयोग करना चाहिए।
