NEWS PR डेस्क : बिहार को जल्द ही कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नामकरण पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ किया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे के दौरान इस महत्वाकांक्षी पुल का उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन होगा आसान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि गंगा नदी पर निर्मित यह छह लेन पुल बिहार के आधारभूत संरचना विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इसके चालू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन पहले की अपेक्षा अधिक सुगम और तेज होगा। इस पुल से पटना, वैशाली सहित आसपास के जिलों के लोगों को विशेष लाभ मिलेगा। साथ ही लोगों के यात्रा समय में कमी आने और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
विकास और रोजगार के नए अवसर खोलेगा नीतीश सेतु
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘नीतीश सेतु’ बिहार में आधुनिक कनेक्टिविटी और विकास का नया प्रतीक बनेगा। यह पुल न केवल आवागमन को आसान बनाएगा, बल्कि राज्य की आर्थिक गतिविधियों को गति देने के साथ क्षेत्रीय विकास और रोजगार की नई संभावनाओं के द्वार भी खोलेगा।
केंद्र के सहयोग से बिहार में तेजी से हो रहा बुनियादी ढांचे का विस्तार
सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से बिहार में सड़क, पुल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। ‘नीतीश सेतु’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
