छठ महापर्व का दूसरा दिन आज, खरना पूजा के साथ शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत

Rashmi Tiwari

पटना: लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूरे भक्तिभाव और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। चार दिवसीय इस महापर्व के दूसरे दिन आज शनिवार को व्रती खरना की पूजा करेंगी। कार्तिक शुक्ल पंचमी के अवसर पर पूरे दिन निर्जला उपवास रखने के बाद शाम को भगवान सूर्य और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद व्रती खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगी और अगले 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का संकल्प लेंगी।

पूरे दिन उपवास के बाद शाम को होगी खरना पूजा

छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन व्रती सुबह से ही निर्जला उपवास रखती हैं। शाम को पूजा की तैयारी के लिए मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से पारंपरिक तरीके से खीर और रोटी का प्रसाद तैयार किया जाता है। इस दौरान घरों में विशेष साफ-सफाई और शुद्धता का ध्यान रखा जाता है।

खरना का प्रसाद तैयार होने के बाद भगवान भास्कर और छठी मैया को भोग लगाया जाता है। इसके बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करती हैं और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच भी प्रसाद वितरित किया जाता है। खरना के बाद ही छठ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाता है, जिसका समापन उषा अर्घ्य के साथ होता है।

खरना के प्रसाद का है विशेष महत्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, खरना का प्रसाद व्रतियों के लिए अंतिम सात्विक भोजन माना जाता है। मान्यता है कि यह प्रसाद व्रतियों को कठिन निर्जला उपवास के लिए मानसिक और आध्यात्मिक रूप से तैयार करता है। खरना के प्रसाद में गुड़ की खीर और रोटी का विशेष महत्व होता है। कई स्थानों पर ईख के रस से भी खीर तैयार की जाती है।

छठ पूजा में इन सामग्रियों का होता है इस्तेमाल

छठ महापर्व में पूजा सामग्री की शुद्धता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। पूजा के लिए बांस की टोकरी, सूप, नारियल, गन्ना, शकरकंद, अदरक, हल्दी, पान, सुपारी, सिंदूर, चावल, कपूर, धूप, दीपक, घी, गेहूं और गंगाजल सहित कई पारंपरिक सामग्रियों का इस्तेमाल किया जाता है। वहीं, ठेकुआ छठ महापर्व का सबसे प्रमुख और विशेष प्रसाद माना जाता है।

आरोग्य, सुख-समृद्धि और संतान की कामना का पर्व

लोक आस्था का यह महापर्व आरोग्य, सुख-समृद्धि, सौभाग्य और संतान की मंगलकामना के लिए किया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठ व्रत करने से भगवान सूर्य की कृपा प्राप्त होती है। स्कंद पुराण सहित अन्य धार्मिक ग्रंथों में भी छठ व्रत और प्रतिहार षष्ठी के महत्व का उल्लेख मिलता है।

भगवान सूर्य की मानस बहन हैं षष्ठी देवी

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, षष्ठी देवी भगवान सूर्य की मानस बहन मानी जाती हैं। इसी वजह से छठ महापर्व में भगवान भास्कर के साथ छठी मैया की भी विशेष पूजा की जाती है। मान्यता है कि षष्ठी देवी बच्चों की रक्षा करती हैं और उन्हें दीर्घायु तथा स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद देती हैं। यही वजह है कि बच्चे के जन्म के छठे दिन भी षष्ठी मैया की पूजा की परंपरा है।चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में खरना के बाद व्रती पूरी श्रद्धा और नियम-निष्ठा के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य और अगले दिन उदीयमान सूर्य को अंतिम अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसी के साथ छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।

Share This Article