बक्सर, पटना के बाद भोजपुर में मिले तैरते हुए शव

Rajan Singh

News PR Desk, Patna : उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से लेकर बिहार के बक्सर के बाद भोजपुर जिले में भी तैरते हुए शव मिले। भोजपुर जिले में गंगा नदी किनारे सिन्हा गंगा घाट पर लावारिस हालत में तीन शव को बरामद किया गया है। लाश मिलने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने सिन्हा घाट पहुंचकर गंगा नदी से तीनों शवों को निकाला।

कोरोना काल में एक साथ गंगा किनारे मिले इतने शव के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। कहा जा रहा है कि बक्सर से शव बह कर आ रहे हैं। सिन्हा घाट पर मिले शवों में एक महिला और दो पुरुष के थे। तीनों शवों को बाहर निकालने के बाद मेडिकल टीम ने परीक्षण किया। वहीं दो दिन पूर्व महुली घाट स्थित पीपा पुल से एक शव बरामद किया गया था।

प्रशासन अन्य पार्थिव शरीर की तलाश के लिए इलाके में नाव से खोजबीन कर रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले को गंभीरता से लिया। तीनों शवों को डिस्पोज कराया जाएगा।

एक वीडियो सामने आया है जिसके बाद प्रशासन की टीम हरकत में आई। बड़हरा थाना क्षेत्र के सिन्हा घाट पर गंगा नदी के किनारे लगे शवों को बांस के सहारे बीच धार में बहाने का वीडियो था। वीडियो डीएम के पास भी पहुंचा, जिसके बाद प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।

 

Share This Article