मध्यप्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार, 28 मंत्रियों ने ली शपथ, ज्योतिरादित्य समर्थक इतने नेता बने मंत्री

Sanjeev Shrivastava

पटना डेस्क

भोपाल: मध्यप्रदेश में बहुप्रशिक्षित शिवराज सिंह चौहान मंत्रीमंडल का विस्तार बृहस्पतिवार को हो गया। इसमें 28 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। इन नए मंत्रियों में 12 ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक भी शामिल हैं, जिनके मार्च में कांग्रेस से इस्तीफे के बाद राज्य की कमलनाथ सरकार गिर गई थी।

भोपाल में राजभवन में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर आयोजित समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 20 कैबिनेट मंत्रियों और आठ राज्य मंत्रियों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में कोविड-19 को लेकर दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। सिंधिया समर्थक जिन नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है, इनमें से कोई भी फिलहाल विधानसभा का सदस्य नहीं है।

संभवत: देश में पहली बार किसी प्रदेश के मंत्रिमंडल में इतनी बड़ी तादाद में गैर विधायकों को शामिल किया गया है। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिये पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर विशेष तौर पर गुरुवार सुबह भोपाल पहुंचे। कैबिनेट विस्तार के तुरंत बाद सीएम शिवराज ने मंत्रियों के साथ बैठक भी की।

मंत्री पद की शपथ लेने वालों में गोपाल भार्गव, विजय शाह, जगदीश देवड़ा, बिसाहूलाल सिंह, यशोधरा राजे सिंधिया, भूपेंद्र सिंह, एंदल सिंह कसाना, बृजेंद्र प्रताप सिंह, विश्वास सारंग, इमरती देवी, प्रभुराम चौधरी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, ओम प्रकाश सकलेचा, उषा ठाकुर, प्रेम सिंह पटेल, हरदीप सिंह डंग, महेंद्र सिंह सिसोदिया, अरविंद सिंह भदौरिया, डॉ. मोहन यादव, राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव, भारत सिंह कुशवाहा, इंदर सिंह परमार, रामखेलावन पटेल, रामकिशोर कांवरे, बृजेंद्र सिंह यादव, गिरिराज दंडोतिया, सुरेश धाकड़ तथा ओपीएस भदौरिया शामिल हैं जबकि नरोत्तम मिश्रा, तुलसीराम सिलावट, कमल पटेल, गोविंद सिंह राजपूत और मीना सिंह पहले से ही मंत्री हैं।

शिवराज मंत्रिमंडल में ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे के 12 लोगों को मंत्रीपद की शपथ दिलाई गई। पहले कयास लगाए जा रहे थे कि सिंधिया खेमे से नौ मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। ज्योतिरादित्य सिंधिया के खेमे से मंत्री बनने वालों में महेंद्र सिंह सिसोदिया, प्रभुराम चौधरी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, इमरती देवी, राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव, ओपीएस भदौरिया, गिरिराज दंडोतिया, बृजेंद्र सिंह यादव, सुरेश धाकड़, हरदीप सिंह डंग, बिसाहूलाल सिंह व एंदल सिंह कसाना शामिल हैं।

Share This Article