भूमि विवाद में जमकर चला फरसा, बुजुर्ग व्यक्ति की हुई मौत, बहू और पोती भी जख्मी

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। भूमि विवाद का बांका जिले से पुराना रिश्ता रहा है। हर वर्ष खरीफ और रबी फसल की बुवाई और कटाई के समय इस जिले में भूमि विवाद परवान पर रहता है। कई बार बम और गोलियां चलती हैं तो कई बार भाले और फरसे खनकते हैं। इस वर्ष बांका जिले में भूमि विवाद को लेकर हिंसा का दौर कुछ ज्यादा ही आक्रामक मोड में है। भूमि विवाद को लेकर हुई ऐसी ही एक हिंसा में एक बुजुर्गों की मौत हो गई। जबकि हिंसा में उनकी बहू और पोती भी गंभीर रूप से जख्मी हो गई।

घटना बांका सदर प्रखंड अंतर्गत जमुआ गांव की है जहां एक दिन पूर्व भूमि विवाद को लेकर दो परिवारों में हुए झगड़े का बदला अगले दिन बुजुर्ग पर हमला कर दूसरे पक्ष द्वारा लिया गया। बताया गया कि जमुआ गांव में गोविंद मंडल का अपने पड़ोसियों से एक दिन पूर्व जमीन विवाद को लेकर झंझट हुआ था। अगले दिन जब वह शौच के लिए निकले थे, तभी रास्ते में घात लगाकर विपक्षियों ने उन पर भाला और फरसा आदि से हमला कर दिया।

इस हमले में गोविंद मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बचाने के दौरान उनकी बहू हेमा देवी और पोती साक्षी कुमारी भी घायल हो गई। सभी घायलों को इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल लाया गया, जहां से गोविंद मंडल को गंभीर हालत में भागलपुर रेफर कर दिया गया। भागलपुर में इलाज के दौरान गोविंद मंडल की मौत हो गई।

विक्रांत की रिपोर्ट…

Share This Article