बिहार: थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर शराब पार्टी का आयोजन, 5 मुखिया व 1 पैक्स अध्यक्ष समेत 24 गिरफ्तार

Patna Desk

NEWSPR /DESK : सासाराम के दरिगांव थाना परिसर के महज पांच सौ मीटर की दूरी पर चल रही एक शराब पार्टी पर रविवार की शाम पुलिस ने छापेमारी की। एएसपी के नेतृत्व में दो थानों की पुलिस ने एक साथ छापेमारी की। जिसमें कुल 24 लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें 18 लोग शराब के नशे में पाए गए हैं। गिरफ्तार लोगों में पांच मुखिया व एक पैक्स अध्यक्ष शामिल हैं। छापामारी के दौरान दो पिस्टल व कई कारतूस भी बरामद किए गए हैं l

इस संबंध में एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि शराब के नशे में पाए जाने वाले लोगों का सत्यापन किया जा रहा है। इसमें कई जनप्रतिनिधि भी हैं। सत्यापन के बाद उनके नामों का खुलासा किया जाएगा।

ग्रामीणों के अनुसार गिरफ्तार लोगों में मुखिया राजू पासवान (दरिगांव), धर्मेन्द्र सिंह (विश्रामपुर), विजय पासवान (आलमपुर), राजवंश पासवान (चेनारी), मुन्ना सिंह(खुढनु) सभी मुखिया व कृष्णा सिंह पैक्स अध्यक्ष शामिल हैं। अन्य गिरफ्तार लोगों का सत्यापन पुलिस कर रही है।

पुलिस के अनुसार छापेमारी दरिगांव थाना से पांच सौ मीटर की दूरी पर एक घर में शराब पार्टी चल रही थी। थाना के बगल में हो रही शराब पार्टी की सूचना किसी ने पुलिस अधीक्षक आशिष भारती को दी। पुलिस अधीक्षक ने तत्काल एएसपी अरविंद प्रताप सिंह के नेतृत्व में सासाराम नगर थानाध्यक्ष कामाख्या नारायण सिंह, दरिगाव थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी कराया। जिसमें कुल 24 लोगों को हिरासत में लिया गया। सभी लोगों का ब्रेथ एनेलाइजर से जांच कराया गया। जांच में 18 लोग शराब के नशे में पाए गए हैं।

Share This Article