NEWSPR डेस्क। बिहार में शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा डबल डेकर फ्लाईओवर का शिलान्यास किया गया। कारगिल चौक से एन.आई.टी. मोड़ तक डबल डेकर फ्लाईओवर बनाने के कार्यों की शुरुआत हो गई। इस अवसर पर संबोधन करते हुए उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि विकास की रफ्तार के लिए अच्छी सड़कों का होना जरूरी है। कारगिल चौक से साइंस कॉलेज तक डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण बिहार के लोकप्रिय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच का नतीजा है। इस फ्लाईओवर के बन जाने से अशोक राजपथ पर सफर करने वाले लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि 2005 के पहले के बिहार को जिन्होंने देखा है, उन्हें मालूम है कि बिहार की सड़कें किस प्रकार जर्जर थी। इस डबल डेकर फ्लाईओवर के निर्माण हो जाने से राजधानी पहुंचने वाले एवं पीएमसीएच जाने वाले वाले लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बिहार के विकास की जो गाथा लिखी है, उसे आगे आने वाली पीढ़ी सदैव याद रखेगी। उन्होंने इस अवसर पर पथ निर्माण विभाग, बिहार राज्य पुल निर्माण विभाग एवं बिहार राज्य पथ विकास निगम के अधिकारी एवं अभियंताओं को भी अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं एवं कहा कि बिहार को विकसित बिहार और संपन्न बिहार बनाने के संकल्प सभी वर्गों के सहयोग से हम पूरा करेंगे।
इस मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, बिहार विधान परिषद् के सदस्य नीरज कुमार, कुम्हरार के विधायक अरुण कुमार सिन्हा, पटना की महापौर सीता साहू, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत कुमार मीणा, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष पंकज कुमार पाल, बिहार राज्य पथ विकास निगम के प्रबंध निदेशक पंकज कुमार सहित पथ निर्माण विभाग के वरीय अधिकारी, अभियंतागण एवं स्थानीय सम्मानित नागरिकगण उपस्थित थे।