गोपालगंज: संदिग्ध स्थिति में तीन लोगों की मौत, कई बीमार अस्पताल में भर्ती, जहरीली शराब से मौत की आशंका

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। गोपालगंज में एक बार फिर जहरीली शराब का मामला सामने आया है। बता दें बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के बसई और सोनवलिया गांव में संदिग्ध स्थिति में तीन लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई अन्य लोग बीमार हैं। जिन्हें आसपास के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक के परिजनों का दावा है कि मौत शराब पीने से हुई है। हालांकि अभी तक जिला प्रशासन के द्वारा मौत की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मृतकों में बसई गांव के 30 वर्षीय देवेंद्र शर्मा और 45 वर्षीय रमेश महतो शामिल हैं। जबकि एक मृतक की पहचान सोनवलिया निवासी जय किशन यादव के रूप में हुई है। जबकि 2 लोग बीमार भी है। जिसमे 25 वर्षीय राजेश्वर सिंह, एकडेरवा और अजान मिया, सिरसा शामिल है।

बैकुंठपुर के बसई निवासी मृतक देवेंद्र शर्मा के पिता का दावा है कि उनका बेटा कल घर से मजदूरी करने के लिए निकला था। उसके बाद उसे किसी ने शराब पिला दिया। शराब पीने के बाद ही उसकी तबियत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में परिजनों ने उस का इलाज कराया गया। लेकिन उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद घर में मातम पसर गया है। मृतक देवेंद्र शर्मा के 5 बच्चे है।

बता दें कि इससे पहले बीते नवंबर 2021  में मोहम्मदपुर में शराब कांड में 9 लोगों की मौत हुई थी। जबकि कई लोग आक्रांत हुए थे। जिसमे कई लोगों की आंखों की रोशनी भी चली गई थी। गोपालगंज में शराब कांड की यह चौथी घटना है। इसके पहले नगर थाना के खजुर्बानी में 2016 में भी शराब कांड हुआ था। जिसमें 19 लोगों की मौत हुई थी।

2020 में विजयीपुर के मझौलिया में शराब कांड में 6 लोगो की मौत हुई थी। उसके बाद मोहम्मदपुर में 9 लोगो की मौत हुई थी। और अब बैकुंठपुर में शराब कांड का मामला सामने आया है। बहरहाल जिला प्रशासन के अधिकारी इस मामले में कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं। लेकिन पुलिस मौत के मामलो की पड़ताल में जुट गई।

गोपालगंज से मंजेश मिश्रा की रिपोर्ट

Share This Article