ड्यूटी पर जा रहे प्रखंड शिक्षा प्रसार अधिकारी की सड़क हादसे में मौत, देवरी के रानीपोखर के पास कार से टकराई बाइक

PR Desk
By PR Desk

चंदन पांडेय

राजधनवार/गिरिडीह : सड़क हादसे में गिरिडीह देवरी टू के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी 58 वर्षीय नरेश दास की मौत हो गई। हादसा शनिवार को देवरी के रानीपोखर में हुआ। बताया गया कि प्रखंड प्रसार पदाधिकारी बाइक पर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही कार से बाइक की टक्कर हो गई। जिसमें अधिकारी की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क हादसे में मृतक पदाधिकारी का भतीजा अनिल कुमार गंभीर रुप से जख्मी हुआ है। जिसका इलाज देवरी के स्वास्थ केन्द्र में चल रहा है।

बताया गया कि मृतक नरेश दास देवघर जिले के रहने वाले थे। शनिवार को नरेश दास अपने भतीजे के साथ ड्यूटी के लिए देवरी स्थित कार्यालय लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बाइक पदाधिकारी का भतीजा अनिल चला रहा था। इसी दौरान जब बाइक देवरी के रानीपोखर के समीप पहुंची तो गिरिडीह से बिहार के चकाई जा रहे चार पहिया वाहन से वह जा टकराया। घटना के बाद स्थानीय लोगों के साथ ही पुलिस भी घटनास्थल पहुंची। मृतक के शव दोपहर में सदर अस्पताल लाया गया। जहां डीडीसी मुंकुद दास और जिला शिक्षा पदाधिकारी अरविंद कुमार समेत कई प्रशासनिक पदाधिकारी भी पहुंचे।

गिरिडीह की थी कार

बताया जा रहा है कि जिस चार पहिया वाहन जेएच-11डब्लू-9675 से बाइक टकराया वह गिरिडीह शहर के किसी संजय केसरी का है। केसरी चार पहिया वाहन में अपने  परिवार के थे, ऐसा कहा जा रहा है।  फिलहाल पुलिस चार पहिया वाहन को जब्त कर थाना ले गई। चार पहिया वाहन में बैठे लोगों को मामूली चोट लगने की बात सामने आई है। जिनका इलाज भी देवरी के एक नर्सिंग होम में किया जा रहा है। केसरी अपने वाहन से चकाई स्थित ससुराल जा रहे थे।

Share This Article