दहेज के लिए मर्डर, गर्भवती बहू पीटकर किया हत्या, फिर शव को जला दिया, पिता ने जलती लाश का बनाया वीडियो

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। 1 लाख रुपए और बाइक के लिए ससुराल वालों ने पहले गर्भवती बहू के साथ मारपीट की। उसकी गला दबाकर हत्या की और फिर सबूत मिटाने के लिए शव को खेत में ले जाकर जला दिया। इसके बाद मायके वालों को फोन किया कि आपकी बेटी की करंट लगने से मौत हो गई है। लड़की के पिता और भाई जब बेटी के ससुराल पहुंचे तो लोगों ने बताया कि उनकी बेटी को खेत में जला रहे हैं। जैसे ही वो लोग वहां पहुंचे तो देखा कि उनकी बेटी की लाश जल रही थी। पिता ने इसका वीडियो बनाया इसके बाद परिवार पुलिस के पास पहुंचा।

मामला नालंदा के सिलाव थाना क्षेत्र के करियना गांव का है। 22 साल की नेहा की शादी 2019 में करियना गांव निवासी संतोष चौधरी से हुई थी। वो गांव में ही रहता है और मजदूरी करता है। परिवार वालों ने बताया कि 2 साल बाद ही ससुराल वाले दहेज के लिए उनकी बेटी को फिर से प्रताड़ित करने लगे। 14 जून को उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। वह 4 माह की गर्भवती थी।

मायके वालों ने दामाद सहित 5 लोगों पर दहेज के लिए हत्या की FIR दर्ज कराई है। मामला सिलाव थाना क्षेत्र के करियना गांव में 14 जून को हुई। फिलहाल सभी आरोपी पुलिस पकड़ से फरार है। मंगलवार के दिन पीड़ित पक्ष एसपी कार्यालय पहुंच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गुहार लगाया। पिता ने बताया कि बेटी के ससुराल वालों ने फोन कर बताया कि नेहा की करंट लगने से मौत हो गई है। वे लोग जब तक गांव पहुंचे तो घर में कोई नहीं था।

आसपास के लोगों से पता चला कि शव को जलाने ले गए है। जैसे ही वे लोग वहां पहुंचे बेटी के ससुराल का परिवार वहां से फरार हो गया। जिसका वीडियो उन्होंने बना लिया। एसपी अशोक मिश्रा ने पीड़ित परिवार को जल्द ही न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज करने का निर्देश सिलाव थानाध्यक्ष को दिया।

Share This Article