कोरोना का महा विस्फोट, एक दिन में मिले एक लाख से ज्यादा मरीज

Sanjeev Shrivastava

NEWSPR डेस्क। देश में रविवार को रिकॉर्ड 1 लाख 3 हजार 794 नए संक्रमित मिले। यह एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले 16 सितंबर को 97,860 नए मरीज मिले थे, बीते 24 घंटे में 52,840 मरीज ठीक हुए और 477 की मौत हो गई है । एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में भी रिकॉर्ड 50,438 की बढ़ोतरी हुई है। भारत दुनिया का इकलौता देश है, जहां पिछले 24 घंटे में 1 लाख से ज्यादा केस मिले हैं।

यूं तो पूरे देश में यह महामारी भयावह हो चुकी है, लेकिन महाराष्ट्र में बिल्कुल बेकाबू है। यहां नए संक्रमितों का आंकड़ा हर दिन नए रिकॉर्ड को छू रहा है। रविवार को राज्य में 57,074 केस आए, इसकी तुलना भारत को छोड़कर दूसरे देशों में रविवार को मिले नए संक्रमितों से करें तो सिर्फ फ्रांस (60,922) ही आगे रहा है ।

देश में अब तक करीब 1.26 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं, इनमें से करीब 1.17 करोड़ ठीक हुए हैं और 1.65 लाख ने जान गंवाई है। 7.37 लाख एक्टिव केस हैं, यानी इनका इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

दिल्ली में रविवार को 4,033 नए केस आए हैं जिसमें से 2,677 मरीज ठीक हुए और 21 संक्रमितों की मौत हो गई। यहां अब तक 6.76 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं, जिसमें 6.51 लाख ठीक हुए हैं और 11,081 ने जान गंवाई है, अभी 13,982 का इलाज चल रहा है।

महाराष्ट्र में भी रविवार को 57,074 नए मरीज मिले जिसमें 27,508 मरीज ठीक हुए और 222 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 30.10 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं, इनमें से 25 लाख से ज्यादा लोग ठीक हुए हैं, जबकि 55,878 की मौत हुई है। यहां फिलहाल करीब 4.01 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।

मध्यप्रदेश में रविवार को 3,178 नए मरीज मिले जिसमें 2201 लोग ठीक हो गए, जबकि 11 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.06 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.81 लाख ठीक हुए हैं और 4,040 की मौत हुई है। फिलहाल 21,335 लोगों का इलाज चल रहा है।

अमेरिका में अभी फिलहाल 69 लाख से भी ज्यादा एक्टिव केस है जो दुनिया में सबसे ज्यादा हैं। इसके बाद फ्रांस का नंबर है, जहां 43.47 लाख एक्टिव केस हैं। बढ़ते एक्टिव केस को देखते हुए ही फ्रांस ने 3 अप्रैल से लॉकडाउन लगा दिया है। एक्टिव केस में ब्राजील (13.07 लाख) और बेल्जियम (8.11 लाख) के बाद भारत (6.97 लाख) पांचवें नंबर पहुँचा है।

पटना से ऋतिका की रिपोर्ट…

 

Share This Article