NEWSPR डेस्क। खबर बेगूसराय से है। जहां गश्ती के दौरान एक बीएमपी जवान की सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा कि वाहन चेकिंग के दौरान पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप वैन को टक्कर मारी जिसे रोककर वह पूछताछ कर रहे थे। इस दौरान उनको गंभीर चोटें आईं। वहीं इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। तीन महीने बाद ही जवान की शादी होने वाली थी।
घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के कल्याणपुर ढाला के निकट स्थित NH 31 की है। सिपाही की पहचान खगड़िया के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र के आवास बोर्ड के रहने वाले शंकर प्रसाद सिंह का लगभग 26 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में की गई। जवान आठ साल पहले बीएमपी जवान के रूप में भर्ती हुए थे। वहीं साहेबपुर कमाल थाना में बीते दो महीने से पदस्थापित थे।
सहकर्मी सिपाही बतातें हैं कि विशेष अभियान के तहत गुरुवार की रात रात्रि गश्ती में दो वाहन थाने से निकला था और कल्याणपुर ढाला के निकट अवैध रूप से जानवर ले जा रहे वाहन की जांच करनी थी। उन्होंने बताया कि जैसे ही पिकअप वैन को रोका गया और पूछताछ चल ही रही थी तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने पिकअप वैन में जबरदस्त टक्कर मार दी जिस दौरान वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उनकी मौत हो गई। इस खबर से जवान के घर में मातम पसर गया है। सभी लोगों का रो रोकर बुरा हाल है।