पश्चिमी चंपारण से निकली न्याय यात्रा रथ का सासाराम पहुंचने पर हुआ जोरदार स्वागत।

Patna Desk

 

रोहतास,बीते 4 नवंबर को बिहार के पश्चिमी चंपारण अंतर्गत भीतरहवा से निकली पंच सरपंच संघ की न्याय यात्रा रथ शुक्रवार को सासाराम पहुंची। जहां शहर के फजलगंज स्थित शेरशाह होटल में जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित न्याय यात्रा स्वागत समारोह सह कार्यक्रम में जिला पंच सरपंच संघ द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान जिले के सभी पंचायतों के पंच, सरपंच एवं उपसरपंच सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे तथा संघ के पदाधिकारीयों द्वारा बारी-बारी से सभी लोगों का फूलमाला से स्वागत भी किया गया। न्याय यात्रा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के प्रदेश अध्यक्ष अमोद कुमार निराला ने कहा कि ग्राम न्यायालय आज की व्यवस्था नहीं है यह सदियों से चली आ रही है। लेकिन दुर्भाग्य है कि आज राज्य व केंद्र सरकार ने षड्यंत्र के तहत ग्राम कचहरी के अधिकारों को छीनकर महात्मा गांधी के सपनों को तार-तार करने का काम किया है। बिहार की जो ग्राम कचहरिया हैं उसके सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सरकार अविलंब सर्व सुविधा संपन्न बनाएं। ताकि हम सभी माननीय न्यायालयों के बोझ को कम करते हुए न्याय के क्षेत्र में बिहार को पुनः एक बार विश्व गुरु बना सकें। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अगर 30 नवंबर तक हमारी मांगे पूरी नहीं की जाती है तो दिसंबर के अंतिम सप्ताह में बिहार के सभी 123984 पंच, सरपंच, उपसरपंच आदि पटना में एकत्रित होकर राज भवन मार्च करेंगे तथा राज्यपाल से अनुरोध किया जाएगा की हमारे 11 सूत्री मांगों को पूरा किया जाए अन्यथा हमारा सामूहिक इस्तीफा स्वीकार कर पंचायती राज व्यवस्था नामक संस्था को बंद कर दें। वहीं संघ के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि 11 सूत्री मांगों को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है तथा जब तक हमारी मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तब तक आंदोलन करते रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रवक्ता अनिल सिंह चंचल, महासचिव नीतू देवी, उप महासचिव विभा देवी, दिलीप सिंह, उदय कुमार सिंह, संजय चौरसिया, अनीता देवी, संतोष कुमार सिंह, राजवंश सिंह, अजय प्रसाद, दशरथ प्रसाद, अभय कुमार, रामप्रवेश सिंह, अयोध्या पासवान सहित काफी संख्या में पंच, सरपंच एवं उपसरपंच उपस्थित रहे।

Share This Article