संपूर्ण क्रांति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने दी लोकनायक जय प्रकाश नारायण को श्रद्धांजलि, कहा- आज का दिन बेहद खास, नई पीढ़ी को इसे याद रखना चाहिए

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। पटना में रविवार को सम्पूर्णक्रांति दिवस पर गांधी मैदान में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए। उन्होंने लोकनायक जय प्रकाश नारायण की मूर्ति पर पुष्प डालकर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष आज के दिन ‘संपूर्ण क्रांति दिवस’ के रुप में मनाया जाता है।

आज ही के दिन वर्ष 1974 में लोकनायक जय प्रकाश नारायण जी के नेतृत्व में जो बैठक हुई थी। उसमें हम सभी लोग शामिल हुए थे। उस आंदोलन की एक-एक चीज हमें याद है। 5 जून 1974  के दिन उनके द्वारा संपूर्ण क्रांति की बात की गई उसी के आधार पर हमलोगों ने बाद में ‘संपूर्ण क्रांति दिवस’ के रुप में मनाना शुरु किया। इस मौके पर हमलोग उन्हें माल्यार्पण करते हैं और इस दिन को एक विशेष उत्सव के रुप में मनाते हैं। बाद में आज ही के दिन से विश्व पर्यावरण दिवस के रुप में मनाया जाने लगा।

विश्व पर्यावरण दिवस को भी हमलोग आदर के साथ मनाते हैं, अनेक कार्यक्रम भी किए जाते हैं। जो कुछ भी लोकनायक जय प्रकाश नारायण के नेतृत्व में बिहार से शुरु हुआ उसका असर पूरे देश में हुआ। हम सबलोग उनके नेतृत्व में लगातार इस काम में लगे रहे। पुरानी बातें आज याद आती हैं तो अच्छा लगता है। आप सभी लोग युवा हैं,  इसलिए यह बातें आपलोगों से कहते हैं ताकि इसे आपलोग भी याद रखें। आज के दिन ही पूरे देश में संपूर्ण क्रांति का आह्वान किया गया था, जिसे हमलोगों आज विशेष अवसर के रुप में मनाते हैं। इसे सभी लोगों, खासकर नई पीढ़ी को याद रखना चाहिए।

हापुड़ में हुई घटना के संबंध में पूछे गए प्रश्न का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये जो घटना घटी है यह दुखद है, इसके लिए हमारे प्रशासन के लोग पूरी तरह से सक्रिय हैं। कही भी हमारे लोगों के साथ घटना घटती है तो हमारी तत्परता बनी रहती है। आज के दिन विपक्ष द्वारा सरकार के कामकाज पर रिपोर्ट कार्ड जारी किए जाने के प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सबको अपना-अपना अधिकार करने का है।

Share This Article