सम्राट चौधरी के नेतृत्व में आगामी 3 मई को भाजपा का महाधरना।

Patna Desk

 

रामनवमी के दौरान सासाराम में हुए हिंसा मामले में एक महीने बाद भाजपा के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद की गिरफ्तारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी लगातार नीतीश सरकार एवं रोहतास पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े कर रही है। इसी क्रम में सोमवार को भी बिहार विधान परिषद सदस्य निवेदिता सिंह ने शहर के गौरक्षणी स्थित अपने आवास पर एक प्रेस वार्ता आयोजित कर बिहार सरकार एवं रोहतास पुलिस पर जमकर निशाना साधा। निवेदिता सिंह ने कहा कि रोहतास में आए दिन हो रही दिनदहाड़े लूट, छिनैती, चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं पर पुलिस अंकुश नहीं लगा पा रही है लेकिन सासाराम में भड़के हिंसा के दौरान लगातार समाज में शांति बहाल करने का प्रयास कर रहे पूर्व विधायक को रोहतास पुलिस ने आधी रात को गिरफ्तार कर लिया। जिसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। पुलिस ने अपनी विफलता छिपाने के लिए पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद को गिरफ्तार किया है।जिसको लेकर भाजपा बिहार प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी के नेतृत्व में भाजपा के कार्यकर्ता सासाराम में आगामी 3 मई को महाधरना देंगे तथा महाधरना के बाद आगे की रणनीति तैयार कर विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि रोहतास पुलिस को जनता के बीच बताना चाहिए कि आखिर किस जुर्म में पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद को गिरफ्तार किया गया है। पूर्व विधायक के जिस आपराधिक इतिहास को रोहतास एसपी बता रहे हैं उनको जानकारी होना चाहिए कि वह कई मामलों में बरी हो चुके हैं। साथ हीं सासाराम हिंसा मामले में प्रशासन पुलिस द्वारा ही पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद को साथ लेकर शहर में शांति बहाल हेतु प्रयास किया गया। वहीं हिंसा के बाद शहर की स्थिति पूरी तरह सामान्य होने पर पूर्व विधायक ने कौन सा ऐसा बड़ा अपराध कर दिया कि पुलिस को पूर्व विधायक के घर जाकर आधी रात को अपराधियों की तरह गिरफ्तार करना पड़ा। एमएलसी ने कहा कि बिहार सरकार के इशारे पर रोहतास पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं को जानबूझकर परेशान कर रही है। भारतीय जनता पार्टी इस गिरफ्तारी का विरोध करते हुए शांति से अपनी लड़ाई जारी रखेगी तथा भाजपा कार्यकर्ता अब चुप बैठने वाले नहीं हैं।

Share This Article