सोहगीबरवा सेंचुरी: बाघ और तेंदुए में हुई वर्चस्‍व की जंग, जानिए कैसे हुआ इस लड़ाई का अंत

PR Desk
By PR Desk

राकेश सोनी

बगहाः महराजगंज के सोहगीबरवा वन्य जीव सेंचुरी में पहली बार बाघ और तेंदुए के बीच वर्चस्‍व को लेकर जंग छिड़ गई। दोनों की गुर्राहट से जंगल गूंज उठा। देर तक दोनों एक-दूसरे से लड़ते रहे लेकिन आखिरकार बाघ की ताकत के आगे तेंदुए ने दम तोड़ दिया। 

वन विभाग की टीम को मौके से तेंदुए का क्षत-विक्षत शव मिला। अधिकारियों ने शव को कब्‍जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। सोहगीबरवा सेंक्चुरी का शिवपुर रेंज बिहार के वाल्मीकि नगर टाइगर रिजर्व से जुड़ा है। यह सेंक्चुरी का कोर जोन भी हैं। यहां टाइगर, तेंदुआ आदि प्रजाति के मांसाहारी वन्य जीवों की मौजूदगी के प्रमाण मिल चुके हैं। शिवपुर रेंज के वन कर्मियों के मुताबिक शनिवार को जंगल के अंदर टाइगर और तेंदुए की गुर्राहट की आवाजें लगातार आ रही थीं। उनके बीच संघर्ष चल रहा था। 

सूचना के बाद निचलौल एसडीओ घनश्याम राय, शिवपुर रेंजर वन्य जीव रक्षकों के साथ मौके पर पहुंचे। शनिवार की देर रात में छानबीन शुरू हुई। इस दौरान बेंत की झाड़ी के अंदर एक तेंदुए का क्षत-विक्षत शव मिला। तेंदुए की आंत बाहर निकली हुई थी। शरीर के कई हिस्से का मांस गायब था। वन विभाग की टीम ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की तैयारी शुरू कर दी है।

Share This Article