159 बोरी प्रतिबंधित गुटखा जर्दा के साथ 2 थोक कारोबारी चढ़े पुलिस के हत्थे

PR Desk
By PR Desk

आलोक कुमार

राजमहल:- झारखंड में प्रतिबंधित गुटखा की हो रही धड़ल्ले से बिक्री पर लगाम लगाने में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। यहां पुलिस ने दो अलग अलग कार्रवाई में 159 बोरी प्रतिबंधित गुटखे के साथ पुलिस ने दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जब्त गुटखे की कीमत 29 लाख से अधिक है।

इस कार्रवाई के बारे में बताया गया कि पांच अगस्त की रात्रि में राजमहल एसडीपीओ को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड में बंद प्रतिबंधित गुटखा जर्दा के अवैध गोरखधंधा से जुड़े 2 बड़े कारोबारी इस धंधे से जुड़े अपने गुटखा जर्दा को बाजार में खपाने के लिए लगे हुए हैं। इसी सूचना के आधार पर राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में अन्य पुलिस पदाधिकारी व पुलिस कर्मियों के सहयोग से राजमहल थाना क्षेत्र के वर्मन कॉलोनी निवासी कार्तिक वर्मन उर्फ संजय पिता मनोज वर्मन के घर से 25 बोरा प्रतिबंधित गुटखा जर्दा के साथ थोक कारोबारी को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। वही बाजार में इस प्रतिबंधित गुटखा जर्दा की अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपया आंका जा रहा है।

उधर इसी छापामारी के दौरान तीनपहाड़ थाना क्षेत्र की पुलिस ने तीनपहाड़ बाजार से 134 बोरी प्रतिबंधित गुटखा जर्दा के साथ एक अन्य थोक व्यापारी मो. सुफियान अंसारी पिता ईस्तखार अंसारी के घर से 134 बोरा प्रतिबंधित गुटखा जर्दा के साथ पकड़ने में सफलता हासिल की है। इस 134 बोरी गुटखा जर्दा का बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रूपया है। उधर दोनों ही प्रतिबंधित गुटखा जर्दा के थोक व्यापारी मामलें से जुड़े हुए अभियुक्तयों कार्तिक वर्मन उर्फ संजय एवं मो. सुफियान अंसारी को गिरफ्तार कर न्यायालय अग्रसारित किया जा रहा है।

वहीं सभी जब्त 159 बोरी गुटखा जर्दा को राजमहल थाना तथा तीनपहाड़ थाना मालखाना में सुरक्षित रखा गया है। उधर दोनों ही थाना में इस संबंध में सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। ये दोनों अपराधी प्रतिबंधित गुटखा जर्दा का थोक कारोबार से जुड़े हुए है जो पश्चिम बंगाल से इन गुटखों को लाकर साहिबगंज जिला के विभिन्न स्थानों में खुदरा के रूप में बिक्री करवाते है।

उधर इस मामले को लेकर राजमहल एसडीपीओ ने प्रेसवार्ता कर बताया कि इन थोक व्यापारीयों के गिरफ्तारी से साहिबगंज जिला में अवैध रूप से बिकने वाले प्रतिबंधित गुटखा जर्दा की बिक्री पर काफी हद तक नियंत्रण कायम होगा। इस छापेमारी टीम में राजमहल पुलिस निरीक्षक रामसागर तिवारी, तीनपहाड़ थाना प्रभारी परशुराम पासवान समेत राजमहल व तीनपहाड़ थाना के पुलिस बल के अधिकारी व जवान मौजूद थे।

Share This Article