NEWS PR डेस्क: मधुबनी, 05 जून। जिले के पंडौल स्थित बुनियादी केंद्र में शुक्रवार को आयोजित विशेष शिविर में 20 दिव्यांगजनों को बैटरी चालित मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की गई। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी दैनिक आवाजाही को आसान करना है।
कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर किया गया। सहायक निदेशक (दिव्यांगजन सशक्तिकरण) आशीष अमन की देखरेख में आयोजित इस शिविर में सदर अनुमंडल के विभिन्न प्रखंडों से चयनित लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल प्रदान की गई।

वितरण समारोह में सहायक निदेशक आशीष अमन, बुनियादी केंद्र की जिला प्रबंधक मनीषा कुमारी तथा लेखापाल संजीव कुमार मौजूद रहे। अधिकारियों ने लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल सौंपने के साथ-साथ सुरक्षित संचालन, रखरखाव और बैटरी चार्जिंग से जुड़ी आवश्यक जानकारियां भी दीं। इसके लिए लाभार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
शिविर के दौरान दिव्यांगजनों को यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड के महत्व और उससे मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि यूडीआईडी कार्ड के माध्यम से रेलवे टिकट में रियायत सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण, उनके अधिकारों की सुरक्षा और जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी ऐसे कल्याणकारी शिविर आयोजित कर जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने के बाद लाभार्थियों ने खुशी जताते हुए कहा कि इससे उनकी आवाजाही पहले की तुलना में अधिक आसान होगी और वे अपने दैनिक कार्यों को अधिक स्वतंत्रता के साथ पूरा कर सकेंगे।