NEWS PR डेस्क: बिहार के गया जिले से राहत भरी खबर सामने आई है। गुरुपा थाना क्षेत्र के रघुनाथ नगर गांव में बोरवेल में गिरे 3 वर्षीय मासूम पीयूष को करीब 7 घंटे लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पटना से पहुंची एनडीआरएफ (NDRF) की टीम ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर तड़के सफल अभियान चलाया और बच्चे को सकुशल बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, पीयूष मंगलवार देर शाम करीब 8 बजे खेलते समय खुले बोरवेल में गिर गया था। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। बाद में पटना से विशेष एनडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और आधुनिक तकनीक की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया।
करीब 7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार तड़के करीब 3 बजे मासूम को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चे को तुरंत फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जांच की। चिकित्सकों के अनुसार, पीयूष पूरी तरह स्वस्थ है और उसकी हालत खतरे से बाहर है। बच्चे के सुरक्षित बाहर आने के बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने राहत की सांस ली। पूरे गांव में खुशी का माहौल है। प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान में शामिल सभी टीमों की सराहना की है।गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
