भागलपुर में यादों का संगम: CRPF DIG संदीप सिंह ने एलुमिनाई मीट में गाया गीत, भावुक हुआ माहौल

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: भागलपुर, 13 मार्च। भागलपुर में आयोजित एक एलुमिनाई मीट उस वक्त खास बन गया जब सीआरपीएफ के डीआईजी संदीप सिंह अपने पुराने स्कूल पहुंचे और बचपन की यादों में खो गए। सीएमएस स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने न सिर्फ अपने पुराने साथियों से मुलाकात की, बल्कि एक गीत गाकर पूरे माहौल को भावुक और खुशनुमा बना दिया।

जमुई और मुजफ्फरपुर रेंज के डीआईजी संदीप सिंह ने कहा कि भागलपुर उनकी जन्मभूमि है और इसी स्कूल से उनकी शुरुआती शिक्षा की नींव पड़ी। वर्षों बाद अपने स्कूल और दोस्तों के बीच लौटना उनके लिए एक बेहद भावनात्मक अनुभव रहा।

कार्यक्रम के दौरान जब उन्होंने अपने दोस्तों के बीच गीत प्रस्तुत किया, तो पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। उनके इस अंदाज ने सभी को भावुक कर दिया और पुराने दिनों की यादें ताजा हो गईं।

डीआईजी ने अपने संबोधन में कहा कि यह पल उनके जीवन का एक अनमोल उपहार है, जिसे वे हमेशा संजोकर रखेंगे। उन्होंने अपने शिक्षकों और मित्रों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि स्कूल के दिनों की यादें आज भी उनके दिल में जीवित हैं।

इतिहास और विरासत से जुड़ा स्कूल

सीएमएस स्कूल भागलपुर के सबसे पुराने और ऐतिहासिक शिक्षण संस्थानों में से एक है, जिसकी स्थापना वर्ष 1854 में रेवरेंड मिस्टर ड्रोस द्वारा की गई थी। स्कूल की इमारत नियो-गोथिक वास्तुकला का अद्भुत उदाहरण है, जो आज भी अपनी भव्यता से लोगों को आकर्षित करती है।

एलुमिनाई मीट के अवसर पर पूरे स्कूल परिसर को आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया था, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी भव्य हो गया।

इस आयोजन ने न केवल पुराने छात्रों को एक मंच पर जोड़ा, बल्कि यह भी दिखाया कि स्कूल की यादें और दोस्ती समय के साथ और गहरी होती जाती हैं।

Share This Article