भागलपुर जिले में तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश के बीच जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज अस्पताल) में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज हवा के दौरान अस्पताल के सर्जरी विभाग की एक दीवार का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जबकि वार्ड की भारी खिड़की का शीशा और फ्रेम टूटकर सीधे मरीज के बेड पर जा गिरा। घटना के समय वार्ड में कई गंभीर मरीज भर्ती थे। अचानक तेज आवाज और दीवार गिरने से पूरे वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए मरीज बेड छोड़कर इधर-उधर भागने लगे, जिससे कुछ देर तक चीख-पुकार और दहशत का माहौल बना रहा।

हादसे के बाद मरीजों और उनके परिजनों में भय का माहौल पैदा हो गया। भवन के अन्य हिस्सों के भी कमजोर होने की आशंका जताई जाने लगी, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए देर रात ही पूरे सर्जरी वार्ड को खाली करा दिया। सभी मरीजों को सुरक्षित दूसरे वार्डों में शिफ्ट किया गया। राहत की बात यह रही कि अस्पताल कर्मियों और स्वास्थ्यकर्मियों की तत्परता से इस हादसे में किसी मरीज या स्टाफ को कोई चोट नहीं आई और बड़ा नुकसान टल गया।

घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने प्रभावित हिस्से की जांच और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। हालांकि इस हादसे ने मायागंज अस्पताल के पुराने और जर्जर भवनों की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों के परिजनों ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था और नियमित रखरखाव को लेकर प्रशासन से जवाब मांगा है।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट