NEWS PR डेस्क: भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलदार पट्टी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रक अचानक हाई टेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। देखते ही देखते ट्रक में आग लग गई और लपटें तेज़ी से बाहर निकलने लगीं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए ट्रक चालक ने तुरंत ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विभाग की ओर से एहतियातन पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति काट दी गई। लाइन कटने के बाद आग और स्थिति पर काबू पाया जा सका।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप
घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली। लोगों का आरोप है कि सड़क के बीचोंबीच जर्जर और लटकते हाई टेंशन तारों का मकड़जाल फैला हुआ है, जो आए दिन हादसों को न्योता देता रहता है। कई बार शिकायत के बावजूद इस ओर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई।
बड़ा नुकसान टला, व्यवस्था पर उठे सवाल
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रक को नुकसान पहुंचा है। इस घटना ने एक बार फिर शहर की बिजली व्यवस्था और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में बिजली तारों की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पुलिस तथा संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।