महाराष्ट्र की राजनीति में नया अध्याय: सुनेत्रा पवार ने संभाली कमान, बनीं राज्य की पहली महिला डिप्टी सीएम

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: महाराष्ट्र की राजनीति में एक ऐतिहासिक और भावनात्मक मोड़ देखने को मिला, जब दिवंगत अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने औपचारिक रूप से उनकी राजनीतिक विरासत संभाल ली। सुनेत्रा पवार ने डिप्टी सीएम पद की शपथ लेकर न सिर्फ सत्ता में कदम रखा, बल्कि महाराष्ट्र को पहली महिला उपमुख्यमंत्री भी दिलाई।

राजभवन (लोकभवन) में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहे। शपथ समारोह के दौरान एनसीपी नेताओं ने सदन में “अजित दादा अमर रहें” के नारे लगाए, जिससे माहौल भावुक हो गया।

शपथ समारोह में नहीं पहुंचे शरद पवार और सुप्रिया सुले

हालांकि इस अहम मौके पर पवार परिवार के दो बड़े नाम—शरद पवार और सुप्रिया सुले—मौजूद नहीं थे। शपथ से कुछ समय पहले सुप्रिया सुले ने स्पष्ट किया कि वह संसद में एनसीपी की नेता हैं और बजट सत्र के कारण उन्हें पहले पुणे और फिर दिल्ली जाना है। उन्होंने कहा कि उन्हें शपथ ग्रहण की जानकारी नहीं है। वहीं शरद पवार ने भी समारोह से अनभिज्ञता जताई।

विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद बनीं डिप्टी सीएम

इससे पहले शनिवार दोपहर मुंबई में हुई बैठक में सुनेत्रा पवार को एनसीपी विधायक दल का नेता चुना गया था। इसके बाद महायुति सरकार में शामिल एनसीपी की ओर से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को औपचारिक पत्र सौंपा गया।
प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे और छगन भुजबल समेत कई वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और यह पत्र सौंपा, जिसे मुख्यमंत्री ने आगे राज्यपाल को भेज दिया।

पार्टी और संगठन की बड़ी जिम्मेदारी

एनसीपी नेता अनिल भैदास पाटिल ने कहा कि अजित पवार के निधन से पार्टी को गहरा आघात पहुंचा है और सुनेत्रा पवार के लिए यह समय बेहद चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आने वाले स्थानीय निकाय चुनावों को देखते हुए पार्टी को एक मजबूत नेतृत्व की जरूरत थी और इस जिम्मेदारी के लिए सुनेत्रा पवार को उपयुक्त माना गया। उनका कहना है कि अजित पवार के बाद अब उम्मीदवार चयन, संगठन को संभालना और राजनीतिक संतुलन बनाए रखना सुनेत्रा पवार की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

Share This Article