NEWS PR डेस्क: राजधानी पटना में एक बार फिर तेज रफ्तार ने बड़ा हादसा कर दिया। पटना सिटी के खाजेकलां थाना क्षेत्र स्थित नोजल घाट के पास एक अनियंत्रित बाइक ने स्कूटी सवार महिला दारोगा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दारोगा गंभीर रूप से घायल हो गईं।

मिली जानकारी के अनुसार, खाजेकलां थाना में पदस्थापित 2018 बैच की दारोगा भारती कुमारी ड्यूटी पर जा रही थीं। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने नियंत्रण खो दिया और उनकी स्कूटी में सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद वे सड़क पर दूर जा गिरीं और मौके पर ही बेहोश हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल दारोगा को तुरंत पटना सिटी के गुरु गोविंद सिंह अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि हादसे में उनके एक हाथ की हड्डी टूट गई है और हालत चिंताजनक बनी हुई है।
थानाध्यक्ष विद्यानंद वर्मा ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद बाइक सवार युवक को हिरासत में ले लिया गया है और वाहन जब्त कर लिया गया है। युवक से पूछताछ जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है ताकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।