नवगछिया में युवक की धारदार हथियार से निर्मम हत्या, इलाके में सनसनी

Crime graph rises in Bhagalpur, brutal murder again

Neha Nanhe

भागलपुर के नवगछिया थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है। मृतक की पहचान पूर्णिया जिला के सपाहा डुमरी निवासी कैलाश सिंह के रूप में हुई है। वह शादी के बाद से अपने ससुराल रंगरा प्रखंड के साधोपुर गांव में रह रहा था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
घटना कैसे हुई
परिजनों के अनुसार, कैलाश सिंह घर से यह कहकर निकला था कि वह नवगछिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह उस समय शराब के नशे में था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा और अगली सुबह उसका शव बरामद हुआ। मृतक के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। हाथ में तीन जगह गहरे कट,कलाई और हथेली पर चार घाव, सिर पर गंभीर चोट,बाएं कंधे पर बड़ा जख्म,पेट पर धारदार हथियार से चीरा,इन हालातों से स्पष्ट है कि हमलावरों ने अत्यंत बेरहमी से हमला किया।
लूटपाट की आशंका कम
हैरानी की बात यह रही कि मृतक के पास से नकदी और मोबाइल फोन सुरक्षित मिले, जिससे लूटपाट की आशंका कम मानी जा रही है। हालांकि उसके कपड़े अस्त-व्यस्त अवस्था में पाए गए, जिससे अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। सूचना मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आपसी रंजिश, विवाद और अन्य सभी एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। मृतक के परिवार में पत्नी, पांच बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में भय और तनाव का माहौल है।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट

Share This Article