गयाजी शहर के महिला थाने में सोमवार को उस समय अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए पहुंचे सास और बहू के बीच ही बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। चंदौती थाना क्षेत्र के बहादुर बीघा से जुड़े इस पारिवारिक मामले में दोनों पक्षों को समझौते के लिए महिला थाने बुलाया गया था, लेकिन बातचीत शुरू होने से पहले ही तनाव बढ़ गया।
दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई
थाने परिसर में ही किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो कुछ ही मिनटों में हिंसक झगड़े में बदल गई। देखते ही देखते सास और बहू एक-दूसरे पर टूट पड़ीं और जमकर मारपीट होने लगी। इस दौरान वहां मौजूद परिजनों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हालात कुछ देर के लिए बेकाबू हो गए। बताया जा रहा है कि , झगड़े के दौरान हेलमेट का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे सास गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद थाने परिसर में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
किसी भी तरह की हिंसा न करने की चेतावनी
जानकारी मिलते ही महिला थाना पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस की तत्परता से मामला कुछ ही देर में शांत हो गया। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांति बनाए रखने की सख्त हिदायत दी है और आगे किसी भी तरह की हिंसा न करने की चेतावनी दी है। साथ ही, पारिवारिक विवाद को आपसी सहमति और बातचीत के जरिए सुलझाने की अपील की गई है।
गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
गया में महिला थाने के अंदर हंगामा: सास-बहू में समझौते से पहले भिड़ंत, जमकर हुई हाथापाई
Attempts to reconcile at the police station turned into a struggle, with a fight between mother-in-law and daughter-in-law