NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 28 मार्च। जिले में रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारू बनी हुई है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने जानकारी दी कि मांग के अनुरूप लगातार गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
अधिकारियों के अनुसार, आज कुल 6,230 एलपीजी सिलेंडरों का वितरण किया गया, जबकि 29 मार्च को 20,181 सिलेंडरों के वितरण की संभावना है। इसके लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वर्तमान में 9,792 सिलेंडर शेष हैं, वहीं 29 मार्च को 10,409 नए सिलेंडर जिले में पहुंचने वाले हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि तीनों तेल विपणन कंपनियों की कुल 75 गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को प्रतिदिन औसतन मांग के अनुरूप गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर जिले में गैस एजेंसियों और होटलों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में आज 18 स्थानों पर औचक निरीक्षण किया गया। प्रशासन का कहना है कि एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी, कालाबाजारी या घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम (06272-245055) भी सक्रिय है। आज नियंत्रण कक्ष में कुल 41 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका जांच के बाद समाधान कर दिया गया।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि एलपीजी की कमी से संबंधित अफवाहों पर ध्यान न दें। विभागीय निर्देशानुसार गैस एजेंसियों और संबंधित स्थलों का प्रतिदिन निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि आपूर्ति व्यवस्था पारदर्शी और प्रभावी बनी रहे।
प्रशासन ने यह भी कहा कि गैस आपूर्ति और डिलीवरी को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं, जिससे हर उपभोक्ता तक समय पर एलपीजी उपलब्ध कराया जा सके।