NEWS PR डेस्क: दरभंगा: आगामी होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने अन्य पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ शहर के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च किया।
फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से शुरू होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों तथा संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने आम लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दोनों पर्वों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फ्लैग मार्च के दौरान होलिका दहन के लिए चिन्हित स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी स्थलों पर विधि-व्यवस्था की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि होलिका दहन शांतिपूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहेंगे।
जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति उपद्रव फैलाने या सामाजिक वातावरण को दूषित करने का प्रयास करेगा, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं एसएसपी ने बताया कि सोशल मीडिया, ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों और वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने खास तौर पर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को आगाह करते हुए कहा कि भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। अधिकारियों ने कहा कि दरभंगा की गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठा रहा है, ताकि दोनों पर्व शांतिपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हो सकें।