मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित परसिया दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियां तेज; अधिकारियों ने संभाली कमान !

Muskan Gupta

कैमूर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 26 अक्टूबर, सोमवार को कैमूर जिले के दौरे पर आ सकते हैं। उनके सदर प्रखंड के परसिया गांव में आयोजित चातुर्मास महायज्ञ में शामिल होने और विश्व प्रसिद्ध संत लक्ष्मीप्रपन्न जीयर स्वामी महाराज से आशीर्वाद लेने की संभावना है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के संत सम्मेलन में भी भाग लेने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार,मुख्यमंत्री सोमवार को दोपहर करीब एक बजे हेलीकॉप्टर से परसिया पहुंच सकते हैं। उनके संभावित आगमन की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमा तैयारियों में जुट गया है। महायज्ञ स्थल पर सुरक्षा,व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद तेज हो गई है।

डीएम-एसपी ने महायज्ञ स्थल का लिया जायजा ,

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी कुमार अनुराग और पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ परसिया स्थित महायज्ञ स्थल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने वहां की तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए हेलीपैड निर्माण का कार्य भी शुरू करा दिया गया है। प्रशासन की ओर से संभावित आगमन को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।

श्रद्धालुओं में उत्साह, आयोजन स्थल पर बढ़ी हलचल,

मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर परसिया गांव और महायज्ञ स्थल पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। आयोजन से जुड़े लोगों के साथ स्थानीय प्रशासन भी तैयारियों में जुटा है।

वहीं,मुख्यमंत्री के महायज्ञ में शामिल होने और संत लक्ष्मीप्रपन्न जीयर स्वामी महाराज से आशीर्वाद लेने की संभावना को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री का दौरा फिलहाल प्रस्तावित है। उनके आगमन और कार्यक्रम को लेकर अंतिम आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

कैमूर से बर्जेश कुमार की रिपोर्ट ;-

Share This Article