NEWS PR डेस्क: पटना, 28 अप्रैल। राजस्व अधिकारियों और अंचल कर्मियों की जारी हड़ताल के बीच राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल का तबादला कर दिया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।
सरकारी आदेश के अनुसार, 1991 बैच के आईएएस अधिकारी सीके अनिल को उनके वर्तमान पद से हटाकर बिहार राज्य योजना परिषद में परामर्शी के रूप में नियुक्त किया गया है। वहीं, विभाग की जिम्मेदारी अब 2007 बैच के आईएएस अधिकारी जय सिंह को सौंपी गई है, जो पहले से ही वित्त विभाग (संसाधन) के सचिव का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं।

यह बदलाव ऐसे समय में किया गया है, जब राज्य में राजस्व और अंचल अधिकारियों की हड़ताल जारी है और इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। जमीन, दाखिल-खारिज और अन्य राजस्व संबंधी कामकाज ठप होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहले ही वरिष्ठ अधिकारियों को हड़ताल समाप्त कराने और व्यवस्था सामान्य करने के निर्देश दिए थे। ऐसे में प्रधान सचिव का तबादला प्रशासनिक स्तर पर स्थिति संभालने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
जानकारों का मानना है कि विभाग में नए नेतृत्व के आने से संवाद की प्रक्रिया तेज हो सकती है और हड़ताल खत्म कराने की दिशा में प्रगति संभव है। साथ ही, लंबित राजस्व मामलों के निपटारे में भी तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नए प्रभारी के नेतृत्व में सरकार और हड़ताली कर्मियों के बीच गतिरोध कब खत्म होता है और आम जनता को राहत कब मिलती है।