NEWS PR डेस्क:दानापुर में अग्निवीर भर्ती रैली 2026 की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दानापुर छावनी के KLP मैदान में 22 सितंबर से 6 अक्टूबर तक भर्ती प्रक्रिया चलेगी। सेना भर्ती कार्यालय दानापुर की निदेशक कर्नल बिंदु अग्निहोत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रैली से जुड़ी पूरी जानकारी दी। इस भर्ती रैली में बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे और इसके लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
11,042 पुरुष और 253 महिला अभ्यर्थी होंगे शामिल
इस बार भर्ती रैली में कुल 11,042 पुरुष अभ्यर्थी और 253 महिला अभ्यर्थी शामिल होंगे। भर्ती में केवल वही अभ्यर्थी हिस्सा ले सकेंगे, जिन्होंने कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) पास कर शॉर्टलिस्ट हुए हैं। 22 से 25 सितंबर तक अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए पटना, बक्सर, भोजपुर, सीवान, सारण, गोपालगंज और वैशाली के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। इसके बाद 26 से 29 सितंबर तक अग्निवीर टेक्निकल की भर्ती प्रक्रिया चलेगी। 30 सितंबर को ट्रेड्समैन 8वीं और 10वीं श्रेणी के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।
1 से 4 अक्टूबर तक क्लर्क और अन्य श्रेणियों की भर्ती
भर्ती कार्यक्रम के अनुसार 1 अक्टूबर को झारखंड के सभी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए प्रक्रिया आयोजित होगी। 2 और 3 अक्टूबर को बिहार के अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थियों की अग्निवीर क्लर्क भर्ती होगी। 4 अक्टूबर को एआरओ गया क्षेत्र के अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी। 5 अक्टूबर को रिजर्व डे रखा गया है वहीं 6 अक्टूबर को बिहार और झारखंड की महिला अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर वूमेन मिलिट्री पुलिस भर्ती होगी।
1.6 किलोमीटर दौड़ समेत होंगे कई शारीरिक परीक्षण
भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को 1.6 किलोमीटर दौड़, बीम, 9 फीट गड्ढा और जिग-जैग बैलेंसिंग टेस्ट से गुजरना होगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर KLP मैदान पहुंचना होगा। उन्हें एडमिट कार्ड के साथ सभी जरूरी मूल प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ लाने होंगे। सेना भर्ती कार्यालय दानापुर की निदेशक कर्नल बिंदु अग्निहोत्री ने अभ्यर्थियों से भर्ती के सभी नियमों का पालन करने और जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखने की अपील की है।
दानापुर से रिपोर्टर: पशुपतिनाथ शर्मा