NEWS PR डेस्क:शिक्षा व्यवस्था में सुधार, विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता और छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की मांग को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) आज पटना में राजभवन मार्च निकालेगी। यह मार्च दोपहर 12 बजे गांधी मैदान के गेट संख्या-10 से शुरू होगा। इसमें बड़ी संख्या में छात्र, शोधार्थी, शिक्षक, कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि और शिक्षा से जुड़े लोग शामिल हो सकते हैं। AISA ने इस मार्च को शिक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर व्यापक जन-आंदोलन का हिस्सा बताया है।

इन मुद्दों को लेकर होगा प्रदर्शन
संगठन के अनुसार, यह मार्च दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और शिक्षा के बढ़ते निजीकरण के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है। साथ ही, जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में भी आवाज उठाई जाएगी। इसके अलावा बिहार की शिक्षा व्यवस्था, छात्रों की समस्याओं और विश्वविद्यालयों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
पटना विश्वविद्यालय की स्वायत्तता भी प्रमुख मुद्दा
राजभवन मार्च में पटना विश्वविद्यालय अधिनियम, 1976 को समाप्त करने के प्रस्ताव का भी विरोध किया जाएगा। AISA का आरोप है कि इस अधिनियम को खत्म करने की कोशिश विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक स्वायत्तता और स्वतंत्र पहचान पर सीधा हमला है।
संगठन का कहना है कि विशेष अधिनियम के तहत संचालित होने के कारण पटना विश्वविद्यालय की अपनी अलग शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था है। यदि इसे समाप्त किया गया तो विश्वविद्यालय की स्वायत्तता प्रभावित होगी और शिक्षकों, छात्रों व कर्मचारियों के लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ-साथ स्वतंत्र शैक्षणिक माहौल पर भी असर पड़ेगा।
मंगलवार को हुआ था धरना
बता दें कि राजभवन मार्च से पहले मंगलवार को पटना विश्वविद्यालय शिक्षक संघ, पटना विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ और पटना विश्वविद्यालय कॉलेज कर्मचारी संघ के संयुक्त आह्वान पर विश्वविद्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना आयोजित किया गया था। इस धरने में AISA की पटना विश्वविद्यालय इकाई ने भी भाग लिया और विश्वविद्यालय की स्वायत्तता बनाए रखने की मांग का समर्थन किया।
