कोहरे की मार, भीम बांध से लौट रहा ऑटो 20 फीट गिरा नीचे, बच्चे समेत 14 लोग घायल

Sanjeev Shrivastava

NEWSPR डेस्क। जमुई में कोहरा के कारण भीम बांध से यात्रियों लेकर लौट रहा ऑटो 20 फीट ऊंचे पुल से नीचे गिर गया। इसमें चालक की मौत हो गई जबकि महिला, पुरुष और बच्चे समेत 14 लोग घायल हो गए। घटना लक्ष्मीपुर प्रखंड के मटिया पंचायत स्थित मोहनपुर गांव के पास की है। शुक्रवार देर रात लोहवा पुल के मोड़ पर कोहरा अधिक होने के कारण एक ऑटो 20 फीट नीचे खाई में गिर गया। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान गिद्धौर प्रखंड के रतनपुर गांव निवासी केशो साह के 35 वर्षीय पुत्र अरूण साह के रूप में हुई। वहीं घायलों में मृतक अरूण साह की पत्नी मंजू देवी, चम्पा देवी, सुनीता देवी, सोनम कुमारी, साक्षी, दामोदर यादव, सुनील यादव, बजरंगी यादव, कृष्ण कुमार और 5 बच्चे शामिल हैं। इनमें से मंजू देवी, दामोदर यादव, सुनील यादव और चम्पा देवी की हालत गंभीर है।

इधर, सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को लक्ष्मीपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार सभी लोग भीम बांध से रतनपुर गांव लौट रहे थे। तभी लोहवा पुल के पास हादसा हुआ। खाई से सभी लोगों को निकाल कर अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है।

Share This Article