IPL 2022 से पहले ही धोनी ने फैंस को दिया झटका, छोड़ी सीएसके की कप्तानी, जडेजा के हाथों में अब कमान

NEWSPR डेस्क। 26 मार्च से आईपीएल 2022 का आगाज होने जा रहा है, लेकिन उससे पहले ही महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स के फैन्स को झटका दे दिया है। महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ दी है। उनकी जगह ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को कमान सौंपी गई है। धोनी बतौर खिलाड़ी आगे भी टीम के साथ खेलते रहेंगे।

बता दें कि चेन्नई टीम ने इस बार जडेजा और धोनी समेत 4 खिलाड़ियों को रिटेन किया था। जडेजा को फ्रेंचाइजी ने 16 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। जबकि धोनी को इस सीजन के लिए 12 करोड़ रुपए में ही रिटेन किया। इससे यह शुरुआत में ही अंदाजा लग गया था कि जडेजा को कप्तान बनाया जा सकता है। उनके अलावा मोईन अली को 8 करोड़ और ऋतुराज गायकवाड को 6 करोड़ रुपए में रिटेन किया था।

33  साल के जडेजा 2012  से चेन्नई टीम के साथ बने हुए हैं। वह सीएसके टीम के तीसरे कप्तान होंगे।  आईपीएल के पहले सीजन यानी 2008  से ही महेंद्र सिंह धोनी ही टीम की कमान संभाल रहे थे। धोनी ने 213 मैच में कप्तानी करते हुए टीम को 130  मैच में जीत दिलाई है। बीच में सुरेश रैना ने भी 6 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से टीम ने सिर्फ 2 ही मैच जीते थे। धोनी के कप्तानी में सीएसके ने चार बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है।

40 साल के धोनी 2008  में लीग की स्थापना के बाद से सीएसके के कप्तान रहे हैं और यह उनका आखिरी आईपीएल हो सकता है। वह पहले ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।

बता दें कि इस बार आईपीएल का ओपनिंग मैच डिफेंडिंग चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच खेला जाएगा। जडेजा की कप्तानी में चेन्नई टीम इस बार अपना खिताब बचाने और 5वां टाइटल जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

cricketIPL 2022newsprlivesports