NEWS PR डेस्क :सावन की पहली सोमवारी को लेकर भागलपुर में रविवार से ही श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जिले के प्रमुख गंगा घाटों पर हजारों की संख्या में कांवरिया श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। आस्था से सराबोर भक्तों ने उत्तरवाहिनी गंगा में पवित्र स्नान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और कांवर में गंगाजल भरकर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।

भागलपुर के एसएम कॉलेज घाट, बरारी पुल घाट सहित अन्य प्रमुख गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। गंगा स्नान के बाद भक्तों ने पूजा-अर्चना की और हर-हर महादेव व बोल बम के जयकारों के बीच कांवर यात्रा शुरू की।
बाबा धाम के लिए रवाना हुए श्रद्धालु
कांवरिया श्रद्धालु दुमका स्थित बाबा बासुकीनाथ धाम, गोनू बाबा धाम, जैठोरनाथ धाम सहित विभिन्न शिवालयों के लिए रवाना हुए। गंगा घाटों से लेकर सड़कों तक पूरा माहौल शिव भक्ति में डूबा नजर आया। चारों ओर गूंज रहे “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। सावन की पहली सोमवारी को लेकर कांवरियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई श्रद्धालु नंगे पांव कठिन यात्रा पर निकले और भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक को लेकर उनके अंदर अद्भुत श्रद्धा और उत्साह नजर आया।
प्रशासन ने किए सुरक्षा के इंतजाम
कांवरियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से गंगा घाटों पर सुरक्षा और सुविधा के विशेष इंतजाम किए गए थे। घाटों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गईं, ताकि कांवर यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से पूरी हो सके। सावन की पहली सोमवारी से पहले भागलपुर के गंगा घाटों पर उमड़ी यह भीड़ धार्मिक आस्था और शिव भक्ति की गहरी भावना को दर्शा रही थी।भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
