NEWS PR डेस्क : बिहार विधान परिषद चुनाव के बीच मोकामा के विधायक अनंत सिंह के एक बयान ने सियासी हलचल तेज कर दी है। जेडीयू के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोले अनंत सिंह ने दावा किया है कि जब नीतीश कुमार सत्ता में नहीं थे, तब उनके साथ रहकर उन्होंने नौ लोगों की हत्या करवाई थी। उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है। एक तरफ अनंत सिंह नीरज कुमार पर लगातार निशाना साध रहे हैं, तो दूसरी तरफ जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में वोट मांग रहे हैं।
‘हमने पार्टी के लिए कुर्बानी दी है’
एमएलसी चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। अनंत सिंह ने अपने बयान में कहा कि उन्होंने पार्टी के लिए जितना किया है, उतना किसी दूसरे नेता ने नहीं किया। उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार कुछ नहीं थे। इधर-उधर घूमते रहते थे। उस समय हम नीतीश कुमार के साथ रहकर 9 लोगों का मर्डर कराए। जब नीतीश कुमार सत्ता में आए तो हमारे घर पर गोलियों की बौछार करवायी गई। फिर कहता हूं मेरी तरह पार्टी के लिए किसने कुर्बानी दी है। नीतीश कुमार के साथ हमेशा रहे हैं और मरते दम तक साथ रहेंगे।’
नीरज कुमार के खिलाफ क्यों मुखर हैं अनंत सिंह?
पटना एमएलसी सीट पर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद लगातार बढ़ रहा है। अनंत सिंह पहले भी नीरज कुमार पर गंभीर आरोप लगा चुके हैं और अब अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। विवाद को शांत कराने के लिए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने भी हस्तक्षेप किया था। बताया गया कि अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ सार्वजनिक बयानबाजी नहीं करने पर सहमति जताई थी, लेकिन इसके बावजूद दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी थमी नहीं है।
इससे पहले अनंत सिंह ने नालंदा में रोड शो के दौरान नीरज कुमार पर तंज कसते हुए मतगणना के दिन जवाब देने की बात कही थी। वहीं, नीरज कुमार ने बाढ़ में चुनाव प्रचार के दौरान अपने चरित्र पर सवाल उठाने वालों को चुनौती दी थी। अब एमएलसी चुनाव से पहले जेडीयू के भीतर यह विवाद राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
नीतीश कुमार के साथ अपने पुराने रिश्ते पर बोले अनंत सिंह, 9 लोगों की हत्या का किया दावा