न जीने की खुशी..न मरने का गम, अनंत सिंह का बड़ा बयान, निशांत कुमार को दी नसीहत

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार में MLC चुनाव के बीच पटना की हॉट सीट पर सियासी घमासान तेज हो गया है। जेडीयू के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ अनंत सिंह ने मोर्चा खोल रखा है। अब उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को भी नसीहत दे दी है। अनंत सिंह ने कहा कि निशांत कुमार को नीरज कुमार के पक्ष में वोट मांगने बाढ़ नहीं जाना चाहिए था। वहीं, उन्होंने साफ किया कि वह नीतीश कुमार के साथ थे और आगे भी रहेंगे।

अनुज सिंह के लिए मांग रहे वोट
शुक्रवार को अनंत सिंह जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार करने निकले। उन्होंने जनता से अनुज सिंह को अधिक से अधिक वोट देकर जिताने की अपील की। जब उनसे पूछा गया कि वह अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार क्यों कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि नीरज कुमार भी पार्टी में हैं और वह भी पार्टी में हैं। जब नीरज कुमार अपनी बात रख सकते हैं, तो वह भी अपनी बात रखेंगे। वहीं जब उनसे कहा गया कि जदयू के तमाम नेता उनके साथ और आपके विरोध में हैं। इस पर अनंत सिंह ने कहा कि इससे कोई दिक्कत नहीं है। न जीने की खुशी है और न मरने का गम है। हम नीतीश कुमार के साथ हैं और आगे भी रहेंगे।
निशांत कुमार को क्यों दी सलाह?
बता दें कि गुरुवार को निशांत कुमार बाढ़ पहुंचे थे। यहां उन्होंने चुनावी सभा में नीरज कुमार की तारीफ करते हुए लोगों से उन्हें जिताने की अपील की थी। इस पर अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने पहले ही सलाह दी थी कि निशांत कुमार को प्रचार के लिए नहीं जाना चाहिए था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि निशांत के जाने से उन्हें कोई ऐतराज नहीं है।

नीरज कुमार से बढ़ी जुबानी जंग
अनंत सिंह पहले भी नीरज कुमार की जमानत जब्त कराने का दावा कर चुके हैं। ललन सिंह के हस्तक्षेप के बाद उन्होंने बयानबाजी से बचने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब दोनों नेताओं के बीच फिर तल्खी बढ़ गई है। नीरज कुमार ने बाढ़ की सभा में अनंत सिंह पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह अपने कर्मों के कारण फंसे हैं। उन्होंने अपनी जीत का दावा करते हुए पार्टी के समर्थन का भी हवाला दिया। अब सवाल यह है कि अनंत सिंह का अनुज सिंह के समर्थन में उतरना पटना MLC सीट के चुनावी समीकरणों पर कितना असर डालेगा।

Share This Article