NEWS PR डेस्क : पूर्णिया, जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया के कक्षा 6 के छात्र अंकित कुमार ने सीबीएसई पूर्वी क्षेत्र तैराकी प्रतियोगिता 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर विद्यालय के साथ-साथ पूर्णिया का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि के साथ अंकित ने सीबीएसई राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए भी अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है।

यह प्रतियोगिता 24 से 26 अगस्त 2026 तक उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के टूंडला स्थित चैतन्य टेक्नो स्कूल में आयोजित की गई। अंकित कुमार ने 11 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालकों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल तैराकी स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 35.97 सेकंड में निर्धारित दूरी पूरी की और रजत पदक अपने नाम किया।
क्षेत्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर अंकित कुमार का चयन सीबीएसई राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता 2026 के लिए हुआ है। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 24 से 28 सितंबर 2026 तक भोपाल में आयोजित की जाएगी, जहां अंकित जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया का प्रतिनिधित्व करेंगे।
अंकित की इस उपलब्धि में विद्यालय के तैराकी प्रशिक्षक तन्मय नस्कर का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके नियमित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन में अंकित ने अपनी प्रतिभा को निखारते हुए क्षेत्रीय स्तर पर पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता तक का सफर तय किया है।
विद्यालय के चेयरमैन डॉ. पीयूष अग्रवाल ने अंकित को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए हरसंभव अवसर एवं प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
विद्यालय के वाइस चेयरमैन शैलेंद्र कुमार गुप्ता ने अंकित की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि अनुशासन, नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प से विद्यार्थी किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने अंकित को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या पुलोमा नंदी ने अंकित कुमार एवं उनके प्रशिक्षक तन्मय नस्कर को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थी की मेहनत, प्रशिक्षक के कुशल मार्गदर्शन और विद्यालय में खेलों को दिए जा रहे प्रोत्साहन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अंकित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और बिहार का नाम गौरवान्वित करेंगे।विद्यालय परिवार ने अंकित कुमार को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए 24 से 28 सितंबर तक भोपाल में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।